JPSC-JSSC अभ्यर्थियों पर लाठीचार्ज के विरोध में आजसू का आंदोलन, 2 सितंबर को पलामू में होगा शांतिपूर्ण पुतला दहन
JPSC एवं JSSC अभ्यर्थी मंच द्वारा अपनी विभिन्न मांगों को लेकर आयोजित शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक कार्यक्रम के दौरान अभ्यर्थियों पर लाठीचार्ज किए जाने तथा राजनीतिक दल के कार्यकर्ताओं द्वारा कार्यक्रम को बाधित किए जाने के विरोध में आजसू पार्टी ने कड़ा आक्रोश व्यक्त किया है।

JPSC-JSSC अभ्यर्थियों पर लाठीचार्ज के विरोध में आजसू का आंदोलन, 2 सितंबर को पलामू में होगा शांतिपूर्ण पुतला दहन
मेदिनीनगर, पलामू।
पलामू : JPSC एवं JSSC अभ्यर्थी मंच द्वारा अपनी विभिन्न मांगों को लेकर आयोजित शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक कार्यक्रम के दौरान अभ्यर्थियों पर लाठीचार्ज किए जाने तथा राजनीतिक दल के कार्यकर्ताओं द्वारा कार्यक्रम को बाधित किए जाने के विरोध में आजसू पार्टी ने कड़ा आक्रोश व्यक्त किया है। इसी मामले को लेकर आजसू पार्टी के जिला कार्यकारी अध्यक्ष तुलसी शुक्ला के नेतृत्व में पार्टी के एक प्रतिनिधिमंडल ने आज पलामू उपायुक्त को ज्ञापन सौंपकर घटना की निष्पक्ष जांच कराने, दोषियों को चिन्हित कर आवश्यक कार्रवाई करने तथा छात्र-युवाओं के लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित करने की मांग की।

आजसू पार्टी ने स्पष्ट किया कि अपनी मांगों को शांतिपूर्ण तरीके से रखने वाले छात्र-युवाओं पर लाठीचार्ज अथवा किसी भी प्रकार की दमनात्मक कार्रवाई को स्वीकार नहीं किया जाएगा। युवाओं की आवाज को दबाने के बजाय सरकार को उनकी समस्याओं का समाधान करना चाहिए। ज्ञापन के माध्यम से आजसू पार्टी ने घटना के विरोध में 2 सितंबर 2026 को शाम 4 बजे से 6 बजे के बीच छहमुहान, मेदिनीनगर में शांतिपूर्ण विरोध-प्रदर्शन एवं पुतला दहन कार्यक्रम आयोजित करने की सूचना दी है।
आजसू पार्टी ने प्रशासन से कार्यक्रम की अनुमति प्रदान करने तथा कार्यक्रम को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने हेतु आवश्यक प्रशासनिक एवं पुलिस व्यवस्था सुनिश्चित करने का आग्रह किया है। आजसू छात्र संघ के प्रदेश वरीय उपाध्यक्ष अभिषेक राज ने कहा कि छात्रों और युवाओं के लोकतांत्रिक अधिकारों के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
आजसू पार्टी हमेशा युवाओं के अधिकार, सम्मान और न्याय के लिए संघर्ष करती रही है और आगे भी लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज बुलंद करती रहेगी ज्ञापन सौंपने वाले प्रतिनिधिमंडल में जिला कार्यकारी अध्यक्ष तुलसी शुक्ला, केंद्रीय सचिव विजय मेहता, केंद्रीय सचिव बिकेश शुक्ला, केंद्रीय सचिव चंद्रशेखर सिंह ‘छोटू’, जिला उपाध्यक्ष सतीश तिवारी, युवा आजसू जिला प्रभारी राहुल मिश्रा प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।




