62 दिनों से धरने पर डटे पनभारा मजदूर, सांसद ढुल्लू महतो ने दिया समर्थन।
निरसा से एक अहम खबर सामने आ रही है, जहां मुगमा एरिया ऑफिस में पनभारा मजदूरों का धरना लगातार 62वें दिन भी जारी है।

62 दिनों से धरने पर डटे पनभारा मजदूर, सांसद ढुल्लू महतो ने दिया समर्थन।
निरसा : निरसा से एक अहम खबर सामने आ रही है, जहां मुगमा एरिया ऑफिस में पनभारा मजदूरों का धरना लगातार 62वें दिन भी जारी है। इस आंदोलन को आज उस वक्त और मजबूती मिली, जब धनबाद के सांसद ढुल्लू महतो धरना स्थल पर पहुंचे और मजदूरों को अपना समर्थन दिया।

मुगमा कोलियरी में एटक के बैनर तले चल रहे इस अनिश्चितकालीन धरने में बड़ी संख्या में मजदूर शामिल हुए और अपनी मांगों को लेकर एकजुटता का प्रदर्शन किया।
दरअसल, इस धरने का मुख्य मुद्दा पनभारा मजदूरों की वर्षों की सेवा और उनके भविष्य से जुड़ा है। मजदूरों का कहना है कि वे पिछले 20 से 40 वर्षों से ईसीएल मुगमा एरिया के अंतर्गत विभिन्न कॉलोनियों में पानी सप्लाई करने का कार्य करते रहे हैं। उन्होंने अपनी पूरी जिंदगी इस काम में लगा दी, लेकिन अब उम्र के इस पड़ाव पर वे किसी अन्य कार्य को करने में असमर्थ हो चुके हैं।

मजदूरों की मांग है कि चूंकि उन्होंने अपना पूरा कार्यकाल ईसीएल को समर्पित कर दिया है, इसलिए अब जब वे कार्य करने में सक्षम नहीं हैं, तो ईसीएल प्रबंधन उन्हें एकमुश्त आर्थिक सहायता प्रदान करे। उनका कहना है कि ईसीएल में कार्यरत अन्य कर्मियों की तरह उन्हें भी एकमुश्त राशि दी जाए, ताकि वे अपने शेष जीवन का गुजारा सम्मानपूर्वक कर सकें।
धरना स्थल पर पहुंचे सांसद ढुल्लू महतो ने मजदूरों को संबोधित करते हुए कहा कि श्रमिक देश और उद्योग की रीढ़ होते हैं और उनकी समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर होना चाहिए।

उन्होंने आश्वासन दिया कि पनभारा मजदूरों की इस जायज मांग को लेकर वे ईसीएल प्रबंधन से वार्ता करेंगे और जल्द समाधान निकालने का प्रयास करेंगे। उनके इस भरोसे से मजदूरों में एक नई उम्मीद जगी है।
सांसद ने यह भी कहा कि श्रमिकों के अधिकारों की रक्षा के लिए वे हर संभव कदम उठाएंगे और किसी भी प्रकार की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
धरना स्थल पर मजदूरों ने सांसद का गर्मजोशी से स्वागत किया और उन्हें बुके देकर सम्मानित किया। पूरे क्षेत्र में एकता, संघर्ष और अपने अधिकारों के प्रति जागरूकता की स्पष्ट झलक देखने को मिली।



