Breaking Newsझारखण्डटेक्नोलॉजीताजा खबरदुनियादेशलाइफस्टाइललाइव न्यूज़

22 जुलाई को सभी बूथों पर होगी BLO-BLA-2 की तीसरी बैठक, मतदाता सूची के सत्यापन की तैयारियां पूरी

भारत निर्वाचन आयोग एवं मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, झारखंड के निर्देशानुसार चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) अभियान के तहत 22 जुलाई को जिले के सभी मतदान केंद्रों पर आयोजित होने वाली BLO-BLA-2 की तृतीय बैठक एवं चुनाव पाठशाला की तैयारियों को लेकर मंगलवार को उप विकास आयुक्त स्मृता कुमारी की अध्यक्षता में सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

22 जुलाई को सभी बूथों पर होगी BLO-BLA-2 की तीसरी बैठक, मतदाता सूची के सत्यापन की तैयारियां पूरी

गिरिडीह, मनोज कुमार।

गिरिडीह : भारत निर्वाचन आयोग एवं मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, झारखंड के निर्देशानुसार चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) अभियान के तहत 22 जुलाई को जिले के सभी मतदान केंद्रों पर आयोजित होने वाली BLO-BLA-2 की तृतीय बैठक एवं चुनाव पाठशाला की तैयारियों को लेकर मंगलवार को उप विकास आयुक्त स्मृता कुमारी की अध्यक्षता में सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में उप विकास आयुक्त ने बताया कि 22 जुलाई को प्रारूप मतदाता सूची एवं ASDDF मतदाता सूची का BLA-2 के साथ साझा कर उसका सत्यापन किया जाएगा। ASDDF सूची में डुप्लीकेट, मृत, स्थायी रूप से स्थानांतरित, अनुपस्थित या पता नहीं चलने वाले मतदाताओं सहित अन्य संदिग्ध मामलों की जांच कर मतदाता सूची को पूरी तरह शुद्ध एवं त्रुटिरहित बनाने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
उन्होंने बताया कि बैठक के दौरान अब तक प्राप्त प्रपत्र-6, 6A, 7 एवं 8 की भी समीक्षा होगी।

साथ ही 1 अक्टूबर 2026 तक 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में जोड़ने की प्रक्रिया पर भी चर्चा की जाएगी। एक ही परिवार के सभी पात्र मतदाताओं का नाम एक ही मतदान केंद्र से जुड़ा रहे, इस पर भी विशेष जोर दिया जाएगा।
उप विकास आयुक्त ने सभी राजनीतिक दलों से अपने-अपने BLA-2 को निर्धारित समय पर बैठक में भेजने तथा BLO के साथ समन्वय स्थापित कर मतदाता सूची के प्रत्येक बिंदु का सूक्ष्म परीक्षण करने की अपील की।

जिन मतदाताओं से अब तक गणना प्रपत्र प्राप्त नहीं हुए हैं, उनसे संपर्क कर प्रपत्र उपलब्ध कराने में भी सहयोग करने का आग्रह किया गया। उन्होंने कहा कि चुनाव पाठशाला के माध्यम से आम मतदाताओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को मतदाता सूची पुनरीक्षण की पूरी प्रक्रिया की जानकारी दी जाएगी।

साथ ही स्पष्ट किया गया कि इस प्रक्रिया में केवल भारतीय नागरिकों को ही शामिल किया जाएगा। अभियान का उद्देश्य प्रत्येक पात्र भारतीय नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल करना तथा किसी भी अपात्र व्यक्ति का नाम सूची में दर्ज न होने देना है।
बैठक में उप निर्वाचन पदाधिकारी पायल राज, सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि तथा निर्वाचन शाखा के अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button