संविधान दिवस पर गिरिडीह में निकली भव्य रैली, बाबा साहेब के जयकारों से गूंजा शहर
संविधान दिवस के अवसर पर गुरुवार को आम्बेडकर भवन सह पुस्तकालय संचालन समिति के बैनर तले गिरिडीह शहर में भव्य जागरूकता रैली निकाली गई।

संविधान दिवस पर गिरिडीह में निकली भव्य रैली, बाबा साहेब के जयकारों से गूंजा शहर
गिरिडीह : मनोज कुमार।
गिरिडीह : संविधान दिवस के अवसर पर गुरुवार को आम्बेडकर भवन सह पुस्तकालय संचालन समिति के बैनर तले गिरिडीह शहर में भव्य जागरूकता रैली निकाली गई। रैली में बड़ी संख्या में बाबा साहेब डॉ. भीमराव आम्बेडकर के अनुयायियों, समर्थकों और संविधान में आस्था रखने वाले लोगों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।

हाथों में तिरंगा और बाबा साहेब के विचारों से जुड़े संदेश लिए लोग संविधान की महत्ता का संदेश देते हुए शहर की सड़कों पर निकले। रैली के दौरान बाबा साहेब अमर रहें, भारतीय संविधान जिंदाबाद और जय भीम जैसे नारों से पूरा शहर गूंज उठा। रैली आम्बेडकर भवन से प्रारंभ होकर शहर के विभिन्न मार्गों का भ्रमण करते हुए आम्बेडकर चौक पहुंची।

यहां बाबा साहेब डॉ. भीमराव आम्बेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस मौके पर नगर निगम की महापौर प्रमिला मेहरा, डिप्टी मेयर सुमित कुमार, झामुमो नेत्री सह गिरिडीह विधानसभा उपचुनाव में पार्टी की उम्मीदवार श्वेता शर्मा, प्रणव वर्मा समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित थे। रैली में शामिल लोगों का उत्साह देखते ही बन रहा था।

लोगों ने बाबा साहेब के संघर्ष, उनके विचारों और देश को एक मजबूत लोकतांत्रिक संविधान देने में उनके अतुलनीय योगदान को याद किया। रैली के माध्यम से लोगों ने संविधान के मूल आदर्शों को आत्मसात करने और बाबा साहेब के बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। इस अवसर पर महापौर प्रमिला मेहरा ने कहा कि भारतीय संविधान देश के प्रत्येक नागरिक को समान अधिकार, सम्मान और न्याय प्रदान करता है।

बाबा साहेब डॉ. भीमराव आम्बेडकर ने जिस संविधान की रचना में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, उसने समाज के हर वर्ग को आगे बढ़ने का समान अवसर दिया है। संविधान के आदर्शों को केवल याद करना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उन्हें अपने व्यवहार और जीवन में उतारना भी जरूरी है। उन्होंने लोगों से संविधान के प्रति जागरूक रहने और अपने अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों का भी ईमानदारी से निर्वहन करने की अपील की।
वहीं, झामुमो नेत्री सह गिरिडीह विधानसभा उपचुनाव की उम्मीदवार श्वेता शर्मा ने कहा कि संविधान हमारे लोकतंत्र की आत्मा है। बाबा साहेब ने समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति को भी सम्मान और अधिकार दिलाने का मार्ग प्रशस्त किया। संविधान में निहित समानता, स्वतंत्रता, न्याय और बंधुत्व के सिद्धांतों को अपनाकर ही एक बेहतर और समतामूलक समाज का निर्माण किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब के विचार आज भी उतने ही प्रासंगिक हैं और नई पीढ़ी को उनके संघर्ष तथा संविधान के महत्व से परिचित कराना बेहद जरूरी है।
इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य आम लोगों के बीच भारतीय संविधान के प्रति जागरूकता बढ़ाना, संवैधानिक अधिकारों एवं कर्तव्यों की जानकारी देना तथा समाज में समानता, स्वतंत्रता, न्याय और बंधुत्व की भावना को मजबूत करना था। रैली के माध्यम से सामाजिक भेदभाव, असमानता और कुरीतियों के खिलाफ एकजुट होकर खड़े होने का संदेश भी दिया गया। संविधान दिवस के मौके पर निकाली गई इस रैली ने गिरिडीह में सामाजिक एकता, जागरूकता और बाबा साहेब के विचारों के प्रति प्रतिबद्धता का संदेश दिया। वही मौके पर देवचरण दास, सुखदेव दास, नागेश्वर दास, योगेश्वर महता ,राजकिशोर दास, ईश्वर दास, मोहनदास सहित कई सदस्य गण मौजूद थे।




