शॉर्ट सर्किट की चिंगारी ने उजाड़ दिया आशियाना पाण्डेयडीह में आग से दुकान और मकान राख, पिता-पुत्र झुलसे l
गिरिडीह के पाण्डेयडीह में बीती रात एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। शॉर्ट सर्किट से लगी आग ने एक परिवार की वर्षों की मेहनत को पल भर में राख में बदल दिया।

शॉर्ट सर्किट की चिंगारी ने उजाड़ दिया आशियाना पाण्डेयडीह में आग से दुकान और मकान राख, पिता-पुत्र झुलसे l
गिरिडीह, मनोज कुमार।
गिरिडीह : गिरिडीह के पाण्डेयडीह में बीती रात एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। शॉर्ट सर्किट से लगी आग ने एक परिवार की वर्षों की मेहनत को पल भर में राख में बदल दिया। “निधि जनरल स्टोर” में लगी आग ने देखते ही देखते दुकान और मकान दोनों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में दुकान संचालक मनोहर मरिक और उनका बड़ा बेटा गंभीर रूप से झुलस गए हैं।

बताया जा रहा है कि देर रात अचानक दुकान में शॉर्ट सर्किट हुआ, जिसके बाद आग तेजी से फैल गई। जब तक परिवार और आसपास के लोग कुछ समझ पाते, तब तक आग ने विकराल रूप ले लिया। आग की लपटों और धुएं से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

घर में रखा सामान, दुकान का पूरा स्टॉक, जरूरी दस्तावेज और वर्षों की जमा पूंजी आग की भेंट चढ़ गई। अपने घर और दुकान को बचाने की कोशिश में मनोहर मरिक और उनके बड़े बेटे झुलस गए। दोनों को स्थानीय लोगों की मदद से तुरंत निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

घटना के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता और बेहतर इलाज की व्यवस्था कराने की मांग की है। हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक और संवेदना का माहौल बना हुआ है।


