महिला सशक्तिकरण , शिक्षा और पर्यटन को नई उड़ान देता झारखंड का बजट : कुणाल यादव
झारखंड सरकार द्वारा पेश किए गए संतुलित बजट की सराहना करते हुए पार्टी जिला प्रवक्ता कुणाल यादव ने इसे राज्य के समग्र विकास की दिशा में ऐतिहासिक कदम बताया है।

महिला सशक्तिकरण , शिक्षा और पर्यटन को नई उड़ान देता झारखंड का बजट : कुणाल यादव
हजारीबाग : झारखंड सरकार द्वारा पेश किए गए संतुलित बजट की सराहना करते हुए पार्टी जिला प्रवक्ता कुणाल यादव ने इसे राज्य के समग्र विकास की दिशा में ऐतिहासिक कदम बताया है। उनके ओर से जारी बयान में कहा गया है कि यह बजट विशेष रूप से महिला सशक्तिकरण, शिक्षा सुधार और पर्यटन विकास को नई गति देने वाला है।

जिला प्रवक्ता ने कहा कि बजट में महिला खुशी योजना के लिए 25 करोड़ रुपये का प्रावधान महिलाओं की आर्थिक और सामाजिक मजबूती की दिशा में क्रांतिकारी पहल है। इससे राज्य की हजारों महिलाओं को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा और वे आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ेंगी।
इसी प्रकार मुख्यमंत्री एक्सीलेंस योजना के तहत 100 स्कूलों को अपग्रेड करने का निर्णय शिक्षा क्षेत्र में गुणात्मक सुधार का मार्ग प्रशस्त करेगा। आधुनिक सुविधाओं से युक्त विद्यालय राज्य के विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराएंगे, जिससे प्रतिस्पर्धात्मक परीक्षाओं में उनकी भागीदारी और सफलता दर बढ़ेगी।
पर्यटन क्षेत्र को बढ़ावा देने के लिए देवघर, रजरप्पा और नेतरहाट जैसे प्रमुख पर्यटन स्थलों के आधुनिकीकरण का निर्णय भी सराहनीय बताया गया है। प्रवक्ता ने कहा कि इससे न केवल राज्य की सांस्कृतिक पहचान मजबूत होगी बल्कि स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।
हालांकि उन्होंने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि भारत सरकार द्वारा मनरेगा का 5640 करोड़ रुपये का अतिरिक्त बोझ राज्य पर डालना और 11,000 करोड़ रुपये के टैक्स बकाया का भुगतान नहीं करना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि यह राशि झारखंड के गरीब और जरूरतमंद लोगों के विकास कार्यों में बाधा उत्पन्न कर रही है।
जिला कमेटी की ओर से केंद्र सरकार से मांग की गई है कि झारखंड के गरीबों और मजदूरों के हित में लंबित राशि का तत्काल भुगतान किया जाए, ताकि राज्य सरकार विकास योजनाओं को और गति दे सके।
कुणाल यादव ने अंत में कहा कि झारखंड सरकार का यह बजट सामाजिक न्याय, समावेशी विकास और आर्थिक संतुलन का प्रतीक है, जिसे हर वर्ग का समर्थन मिल रहा है।




