पीरटांड़ में शिक्षा की अलख जगाएगी ABVP, 200 छात्र-छात्राओं के बीच बाटी गई शिक्षण सामग्री; युवा निर्माण पर जोर!
गिरिडीह जिले के पीरटांड़ प्रखंड में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) ने शिक्षा के प्रसार और युवाओं को जागरूक करने की दिशा में पहल की है।

पीरटांड़ में शिक्षा की अलख जगाएगी ABVP, 200 छात्र-छात्राओं के बीच बाटी गई शिक्षण सामग्री; युवा निर्माण पर जोर!
गिरिडीह : मनोज कुमार।
गिरिडीह : गिरिडीह जिले के पीरटांड़ प्रखंड में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) ने शिक्षा के प्रसार और युवाओं को जागरूक करने की दिशा में पहल की है। अभाविप की पीरटांड़ प्रखंड इकाई की ओर से संगठन के आयाम सेवार्थ विद्यार्थी (SFS) के माध्यम से लगभग 200 छात्र-छात्राओं के बीच शिक्षण सामग्री का वितरण किया गया। इस पहल के जरिए विद्यार्थियों को शिक्षा से जोड़ने और उनके उज्ज्वल भविष्य की दिशा में प्रोत्साहित करने का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम के दौरान अभाविप के प्रदेश सह मंत्री मंटू मुर्मू ने कहा कि व्यक्ति निर्माण से ही राष्ट्र निर्माण संभव है। यही संगठन का मुख्य उद्देश्य है। उन्होंने बताया कि आने वाले समय में स्वास्थ्य के क्षेत्र में मेडिकल कैंप लगाया जाएगा। वहीं, शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए अभियान चलाकर विद्यार्थियों को शिक्षा से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।

वहीं, अभाविप के जिला संयोजक नीरज चौधरी ने कहा कि पीरटांड़ प्रखंड में अधिक से अधिक युवाओं को संगठन से जोड़ा जाएगा। साथ ही, आने वाले समय में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित कर युवाओं को सामाजिक गतिविधियों और राष्ट्र निर्माण से जोड़ने की पहल की जाएगी।

इधर, प्रांत SFS सह संयोजक अनीश राय ने पीरटांड़ में शिक्षा के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि इस क्षेत्र की पहचान लंबे समय से नक्सल प्रभावित इलाके के रूप में रही है। ऐसे में वर्तमान युवा पीढ़ी को शिक्षा से जोड़ना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि शिक्षा के माध्यम से ही युवाओं के भविष्य को बेहतर बनाया जा सकता है और पीरटांड़ प्रखंड के विकास को नई दिशा मिल सकती है।




