जाति आधारित जनगणना व अन्य मांगों को लेकर भारत मुक्ति मोर्चा का धरना
गिरिडीह, जाति आधारित जनगणना समेत विभिन्न मांगों को लेकर शुक्रवार को गिरिडीह जिला मुख्यालय में भारत मुक्ति मोर्चा और राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग मोर्चा के बैनर तले धरना-प्रदर्शन किया गया।

जाति आधारित जनगणना व अन्य मांगों को लेकर भारत मुक्ति मोर्चा का धरना
गिरिडीह, मनोज कुमार।
गिरिडीह : जाति आधारित जनगणना समेत विभिन्न मांगों को लेकर शुक्रवार को गिरिडीह जिला मुख्यालय में भारत मुक्ति मोर्चा और राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग मोर्चा के बैनर तले धरना-प्रदर्शन किया गया। यह आंदोलन भारत मुक्ति मोर्चा के जिला अध्यक्ष प्रवीण कुमार और राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग मोर्चा के जिला अध्यक्ष दिलीप कुमार पटवा के नेतृत्व में राष्ट्रव्यापी चरणबद्ध आंदोलन के तहत आयोजित किया गया।

धरना में वक्ताओं ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार ने कैबिनेट में ओबीसी की जाति आधारित जनगणना का फैसला करने के बावजूद जनगणना अधिसूचना में ओबीसी जातियों का कॉलम शामिल नहीं किया, जो पिछड़े वर्गों के साथ धोखाधड़ी है। उन्होंने मांग की कि आगामी राष्ट्रीय जनगणना में ओबीसी सहित सभी जातियों का कॉलम शामिल किया जाए ताकि वास्तविक आंकड़े सामने आ सकें।
इसके साथ ही प्रदर्शनकारियों ने एससी-एसटी-ओबीसी के हित में सख्त यूजीसी रेगुलेशन लागू करने तथा वर्ष 2011 से पहले नियुक्त शिक्षकों को शिक्षक पात्रता परीक्षा (टेट) से मुक्त करने की मांग भी उठाई।
धरना के बाद राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन प्रशासन को सौंपा गया। संगठन ने चेतावनी दी कि मांगों पर विचार नहीं होने पर 23 मार्च को रैली और 23 अप्रैल को भारत बंद किया जाएगा।
धरना में भीखी राम पासवान, जयनारायण दास, संतोष प्रसाद यादव, रामदेव रविदास, प्रकाश दास, अरविंद नागवंशी, राजेश दास, भीखन यादव सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित थे।


