गिरिडीह में 50 लाख की नकली विदेशी शराब फैक्ट्री का भंडाफोड़, 350 पेटी शराब समेत भारी मात्रा में सामग्री जब्त l
जिले में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ उत्पाद विभाग को बड़ी सफलता मिली है। गुप्त सूचना के आधार पर उत्पाद विभाग और बेंगाबाद थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने बेंगाबाद थाना क्षेत्र के घाघरा गांव में छापेमारी कर अवैध रूप से संचालित नकली विदेशी शराब निर्माण फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया।

गिरिडीह में 50 लाख की नकली विदेशी शराब फैक्ट्री का भंडाफोड़, 350 पेटी शराब समेत भारी मात्रा में सामग्री जब्त
गिरिडीह, मनोज कुमार।
गिरिडीह : जिले में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ उत्पाद विभाग को बड़ी सफलता मिली है। गुप्त सूचना के आधार पर उत्पाद विभाग और बेंगाबाद थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने बेंगाबाद थाना क्षेत्र के घाघरा गांव में छापेमारी कर अवैध रूप से संचालित नकली विदेशी शराब निर्माण फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया। कार्रवाई के दौरान करीब 50 लाख रुपये मूल्य की तैयार नकली विदेशी शराब, शराब निर्माण में प्रयुक्त सामग्री और अत्याधुनिक उपकरण बरामद किए गए।

इस कार्रवाई से अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया है। उत्पाद विभाग द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार फैक्ट्री में नामी ब्रांडों के नाम पर बड़े पैमाने पर नकली विदेशी शराब तैयार कर बाजार में खपाने की तैयारी चल रही थी। छापेमारी के दौरान 350 पेटी रॉयल स्टैग, आइकोनिक और रॉयल चैलेंज व्हिस्की, 4,000 लीटर क्षमता की पानी की टंकी, 55 रोल रॉयल स्टैग एवं रॉयल चैलेंज के रैपर, 25 हजार ढक्कन, 20 रोल होलोग्राम, 60 खाली बोतलें, 1,000 कार्टन, एक एसीई मशीन तथा 20 फीट पाइप सहित भारी मात्रा में शराब निर्माण की सामग्री बरामद की गई।

उत्पाद विभाग के अनुसार जब्त शराब और अन्य सामग्री की कुल अनुमानित कीमत करीब 50 लाख रुपये है। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि ब्रांडेड कंपनियों के नाम पर नकली शराब तैयार कर बाजार में सप्लाई की जानी थी। इससे आम लोगों के स्वास्थ्य पर गंभीर खतरा पैदा होने के साथ-साथ सरकार को राजस्व का भी भारी नुकसान पहुंचाया जा रहा था।
इस मामले में झारखंड उत्पाद अधिनियम की धारा 47(ए), 52(डी) एवं 55 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस और उत्पाद विभाग पूरे नेटवर्क की जांच में जुटे हैं तथा इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

इस कार्रवाई का नेतृत्व उत्पाद अधीक्षक शिव कुमार साहू ने किया। छापेमारी दल में अवर निरीक्षक जानानाथ पाल, रवि रंजन, सहायक अवर निरीक्षक लक्ष्मण महतो, सहायक अवर निरीक्षक सत्यराज बल सहित उत्पाद विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मी शामिल थे। वहीं, बेंगाबाद थाना प्रभारी अमन कुमार और थाना पुलिस के जवानों ने भी कार्रवाई को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
उत्पाद विभाग के अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा तथा पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश कर इसमें शामिल सभी आरोपियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



