गिरिडीह नगर निगम चुनाव: नामांकन प्रक्रिया शुरू, वार्ड व मेयर प्रत्याशियों ने कटवाए एनआर रसीद
गिरिडीह नगर निगम चुनाव को लेकर आज से नामांकन की प्रक्रिया विधिवत रूप से शुरू हो गई है।

गिरिडीह नगर निगम चुनाव: नामांकन प्रक्रिया शुरू, वार्ड व मेयर प्रत्याशियों ने कटवाए एनआर रसीद
गिरिडीह: मनोज कुमार।
गिरिडीह : गिरिडीह नगर निगम चुनाव को लेकर आज से नामांकन की प्रक्रिया विधिवत रूप से शुरू हो गई है। नगर निगम क्षेत्र के सभी 36 वार्डों के लिए वार्ड पार्षद प्रत्याशियों का नामांकन गिरिडीह सदर प्रखंड कार्यालय में किया जा रहा है। इसके लिए अलग-अलग वार्डों हेतु अलग-अलग निर्वाची पदाधिकारियों की नियुक्ति की गई है।

जानकारी के अनुसार, नगर निगम के मेयर पद के प्रत्याशी समाहरणालय स्थित अपर समाहर्ता के कार्यालय कक्ष में अपना नामांकन प्रपत्र दाखिल करेंगे। वहीं वार्ड पार्षद प्रत्याशियों के नामांकन की व्यवस्था वार्ड संख्या के अनुसार की गई है।

वार्ड संख्या 01 से 09 तक के वार्ड पार्षद अभ्यर्थी प्रखंड विकास पदाधिकारी के समक्ष नामांकन करेंगे। वार्ड संख्या 10 से 18 तक के अभ्यर्थी अंचलाधिकारी के समक्ष नामांकन प्रपत्र दाखिल करेंगे।

वहीं वार्ड संख्या 19 से 27 तक के वार्ड पार्षद अभ्यर्थी कार्यपालक दंडाधिकारी के समक्ष कक्ष संख्या 01 में तथा वार्ड संख्या 28 से 36 तक के वार्ड पार्षद अभ्यर्थी भूमि सुधार उप समाहर्ता के समक्ष कक्ष संख्या 02 में नामांकन करेंगे।

नामांकन प्रक्रिया के पहले ही दिन नगर निगम क्षेत्र में चुनावी सरगर्मी देखने को मिली। कई इच्छुक प्रत्याशियों और समर्थकों ने आज एनआर रसीद कटवाकर चुनावी मैदान में उतरने की औपचारिक तैयारी शुरू कर दी है। प्रशासन द्वारा नामांकन प्रक्रिया को लेकर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं।




