खरना के साथ चैती छठ पूजा का दूसरा दिन संपन्न, व्रतियों ने लिया निर्जला उपवास का संकल्प
लोक आस्था के महापर्व चैती छठ पूजा के दूसरे दिन सोमवार को खरना पूजा श्रद्धा और विधि-विधान के साथ संपन्न हो गया।

खरना के साथ चैती छठ पूजा का दूसरा दिन संपन्न, व्रतियों ने लिया निर्जला उपवास का संकल्प
गिरिडीह: मनोज कुमार।
गिरिडीह : लोक आस्था के महापर्व चैती छठ पूजा के दूसरे दिन सोमवार को खरना पूजा श्रद्धा और विधि-विधान के साथ संपन्न हो गया। इस अवसर पर व्रतियों ने पूरे दिन उपवास रखकर शाम को छठी मैया की पूजा-अर्चना की।

खरना के मौके पर व्रतियों के घरों में विशेष साफ-सफाई और पवित्रता का ध्यान रखा गया। प्रसाद के रूप में गुड़ और चावल से बनी खीर तैयार की गई, जिसे पहले भगवान को अर्पित किया गया और उसके बाद व्रतियों ने प्रसाद ग्रहण किया।

इस दौरान व्रतियों के घरों में परिजनों और आसपास के लोगों की भीड़ देखने को मिली। सभी ने श्रद्धापूर्वक प्रसाद ग्रहण कर छठी मैया से सुख-समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना की।

चार दिवसीय छठ अनुष्ठान के तहत खरना के बाद अब व्रती 36 घंटे के निर्जला उपवास पर चले गए हैं। यह कठिन व्रत उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ संपन्न होगा।

गिरिडीह में चैती छठ पूजा को लेकर हर वर्ष की तरह इस बार भी गहरी आस्था और भक्ति का माहौल बना हुआ है। शहर के विभिन्न घाटों और मोहल्लों में श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा है।




