Breaking Newsझारखण्डटेक्नोलॉजीताजा खबरदुनियादेशलाइफस्टाइललाइव न्यूज़शिक्षा

किशोरियों के लिए युवा का नेतृत्व प्रशिक्षण शिविर आयोजित l

जमशेदपुर सामाजिक संस्था यूथ यूनिटी फॉर वालंटरी एक्शन(युवा) के तत्वावधान में “वर्क विद डिग्निटी” के सहयोग से होटल दयालजीत , जुगसलाई में किशोरी लड़कियों के लिए दो दिवसीय लीडरशिप ट्रेनिंग का आयोजन किया गया।

किशोरियों के लिए युवा का नेतृत्व प्रशिक्षण शिविर आयोजित l

अभिजीत सेन।

जामशेदपुर —

जमशेदपुर सामाजिक संस्था यूथ यूनिटी फॉर वालंटरी एक्शन(युवा) के तत्वावधान में “वर्क विद डिग्निटी” के सहयोग से होटल दयालजीत जुगसलाई में किशोरी लड़कियों के लिए दो दिवसीय लीडरशिप ट्रेनिंग का आयोजन किया गया। इस प्रशिक्षण में कुल 35 किशोरियों ने भाग लिया।

प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य किशोरियों में नेतृत्व कौशल, आत्मविश्वास, संवाद क्षमता एवं निर्णय लेने की क्षमता का विकास करना था, ताकि वे अपने समुदाय में सक्रिय भूमिका निभाते हुए सकारात्मक बदलाव ला सकें।संस्था की सचिव वर्णाली चक्रवर्ती ने प्रशिक्षण के दौरान नेतृत्व के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि एक सच्चा लीडर अपने घर, परिवार, विद्यालय और समाज में सकारात्मक अगुवाई करता है।

उन्होंने कहा कि सीखने और कार्य करने से आत्मविश्वास बढ़ता है तथा व्यक्ति अपने विचारों को निडरता से समाज और पंचायत के समक्ष रख पाता है। उन्होंने किशोरियों को अपने गांव एवं समुदाय की समस्याओं—महिलाओं एवं लड़कियों से जुड़े मुद्दों—को समझकर उनके समाधान हेतु आगे आने के लिए प्रेरित किया।

प्रशिक्षण के प्रथम दिवस में प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटर अंजना देवगम ने प्रतिभागियों को जेंडर एवं यौनिकता की अवधारणा, जेंडर और सेक्स के बीच अंतर, नेतृत्व की समझ एवं एक अच्छे नेता की विशेषताओं के बारे में जानकारी दी। साथ ही ऊर्जा बढ़ाने वाले खेल, महिलाओं एवं लड़कियों के नेतृत्व, समाज में मौजूद रूढ़िवादी सोच, केस स्टडी के माध्यम से संगठन की समझ तथा संगठन की आवश्यकता एवं महत्व पर चर्चा की गई।

दूसरे दिन प्रशिक्षण की शुरुआत पहले दिन की पुनरावृत्ति से की गई। इसके बाद प्रभावी संवाद एवं सुनने के महत्व को “संदेश पास करो” गतिविधि के माध्यम से समझाया गया। प्रतिभागियों ने अपने समुदाय में लड़कियों से जुड़ी समस्याओं की पहचान की तथा नेतृत्व क्षमता और व्यक्तिगत गुणों को समझा।

समूह गतिविधियों के माध्यम से महत्वपूर्ण मुद्दों की पहचान एवं प्राथमिकता तय करने का अभ्यास कराया गया। इसके अलावा समुदाय में मिलने वाले सहयोग एवं संभावित चुनौतियों पर चर्चा की गई। प्रतिभागियों ने पोस्टर, नारे एवं रोल प्ले के माध्यम से विभिन्न सामाजिक मुद्दों पर आवाज उठाने का अभ्यास भी किया।

प्रशिक्षण के अंत में सभी प्रतिभागियों को धन्यवाद दिया गया। इस कार्यक्रम को सफल बनाने में संस्था की कार्यकर्ता अंजना देवगम, कापरा एवं ललिता भगत, सिकंदर सोय, अरूप मंडल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Related Articles

Back to top button