एनजीटी की रोक बेअसर, धड़ल्ले से जारी है अवैध बालू का परिवहन
ट्रैक्टर और बोलेरो की भिड़ंत से उठा सवाल, आखिर कब जागेगा प्रशासन?

एनजीटी की रोक बेअसर, धड़ल्ले से जारी है अवैध बालू का परिवहन
ट्रैक्टर और बोलेरो की भिड़ंत से उठा सवाल, आखिर कब जागेगा प्रशासन?
हजारीबाग : ब्यूरो रिपोर्ट
हजारीबाग: बरकट्ठा प्रखंड क्षेत्र में एनजीटी की रोक के बावजूद अवैध बालू परिवहन का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। दिन हो या रात, सैकड़ों की संख्या में बालू लदे ट्रैक्टर और कीपर वाहन निर्बाध रूप से सड़कों पर दौड़ रहे हैं। स्थानीय प्रशासन और खाकी वर्दीधारी अधिकारियों की मिलीभगत की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। सूत्रों के अनुसार, इस अवैध कारोबार में कुछ सफेदपोशों की भी सक्रिय भूमिका है, जो पूरे नेटवर्क को मैनेज कर रहे हैं।
गौरतलब है कि प्रतिदिन गोरहर थाना क्षेत्र से होकर सैकड़ों बालू लदे वाहन इचाक, टाटीझरिया होते हुए हजारीबाग तक पहुंच रहे हैं। इसके बावजूद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की चुप्पी कई सवाल खड़े कर रही है। शनिवार की मध्य रात्रि को गोरहर थाना क्षेत्र अंतर्गत जमुआ मोड़ समीप एक सफेद रंग की बोलेरो ने एक बालू लदे ट्रैक्टर में जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए और बालू सड़क पर फैल गया।
गनीमत रही कि चालक को केवल मामूली चोटें आईं। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, परंतु कोई भी वाहन जब्त नहीं किया गया और न ही उन्हें थाना लाया गया। इस घटना ने एक बार फिर से प्रशासन की निष्क्रियता और मिलीभगत को उजागर कर दिया है। इसको लेकर क्षेत्रवासियों में रोष व्याप्त है।




