इनर व्हील क्लब ऑफ गिरिडीह पर्ल्स का जनहित अभियान, गांवों में स्वच्छता, स्वास्थ्य जागरूकता और पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
गिरिडीह इनर व्हील क्लब ऑफ गिरिडीह पर्ल्स, डिस्ट्रिक्ट 325 की ओर से हरिचक एवं मोसाबदी गांव में स्वच्छता, स्वास्थ्य जागरूकता एवं पर्यावरण संरक्षण को लेकर तीन जनहितकारी परियोजनाओं का सफल आयोजन किया गया।

इनर व्हील क्लब ऑफ गिरिडीह पर्ल्स का जनहित अभियान, गांवों में स्वच्छता, स्वास्थ्य जागरूकता और पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
गिरिडीह, मनोज कुमार।
गिरिडीह : इनर व्हील क्लब ऑफ गिरिडीह पर्ल्स, डिस्ट्रिक्ट 325 की ओर से हरिचक एवं मोसाबदी गांव में स्वच्छता, स्वास्थ्य जागरूकता एवं पर्यावरण संरक्षण को लेकर तीन जनहितकारी परियोजनाओं का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से ग्रामीणों और विद्यार्थियों को स्वच्छ जीवनशैली अपनाने, सुरक्षित पेयजल के उपयोग तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया।

कार्यक्रम के पहले चरण में हरिचक गांव के दो सार्वजनिक कुओं में ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव किया गया, ताकि वर्षा ऋतु में जलजनित बीमारियों की रोकथाम की जा सके। इस दौरान ग्रामीणों को डेंगू, मलेरिया, डायरिया सहित अन्य मौसमी बीमारियों से बचाव के उपाय बताए गए तथा आसपास की साफ-सफाई बनाए रखने और नियमित रूप से फिनाइल एवं ब्लीचिंग पाउडर के उपयोग के लिए प्रेरित किया गया।
दूसरे चरण में मोसाबदी गांव के दो सार्वजनिक कुओं में भी ब्लीचिंग पाउडर डाला गया। साथ ही ग्रामीणों के बीच लगभग 15 से 20 किलोग्राम ब्लीचिंग पाउडर का वितरण किया गया। पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पौधे एवं सीड बॉल्स भी वितरित किए गए और अधिक से अधिक वृक्षारोपण का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम के तीसरे चरण में मोसाबदी प्राथमिक विद्यालय के कक्षा 7 एवं 8 के लगभग 40 विद्यार्थियों और 10 शिक्षकों के साथ स्वास्थ्य एवं पर्यावरण जागरूकता सत्र आयोजित किया गया। विद्यार्थियों को व्यक्तिगत स्वच्छता, वर्षा ऋतु में होने वाली बीमारियों से बचाव, पर्यावरण संरक्षण तथा वृक्षों के महत्व की जानकारी दी गई। इस अवसर पर विद्यार्थियों को सीड बॉल्स तथा शिक्षकों एवं चयनित विद्यार्थियों को पौधे भेंट कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प दिलाया गया।
इन तीनों परियोजनाओं पर क्लब द्वारा लगभग ₹4,000 की राशि व्यय की गई।
इस अवसर पर क्लब की अध्यक्ष प्रीति भास्कर एवं सचिव नमिता वर्मा ने ग्रामीणों, विद्यार्थियों एवं शिक्षकों से स्वच्छता को अपनी जीवनशैली का हिस्सा बनाने, सुरक्षित पेयजल का उपयोग करने तथा पर्यावरण संरक्षण के लिए अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने का आह्वान किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में क्लब के सभी सदस्यों का सराहनीय योगदान रहा।



