हावड़ा–गया वंदे भारत ट्रेन के नए रूट का दिया गया प्रस्ताव, गिरिडीह, मधुपुर, धनवार व कोडरमा से होकर गुजरेगी ट्रेन
हावड़ा–गया वंदे भारत एक्सप्रेस (Train No. 22303 / 22304) को अब नए मार्ग से चलाने का प्रस्ताव तैयार किया गया है, जिसमें झारखंड के महत्वपूर्ण स्टेशन- मधुपुर, न्यू गिरिडीह, धनवार और कोडरमा को जोड़ा गया है।

हावड़ा–गया वंदे भारत ट्रेन के नए रूट का दिया गया प्रस्ताव, गिरिडीह, मधुपुर, धनवार व कोडरमा से होकर गुजरेगी ट्रेन
गिरिडीह, मनोज कुमार।
गिरिडीह : हावड़ा–गया वंदे भारत एक्सप्रेस (Train No. 22303 / 22304) को अब नए मार्ग से चलाने का प्रस्ताव तैयार किया गया है, जिसमें झारखंड के महत्वपूर्ण स्टेशन- मधुपुर, न्यू गिरिडीह, धनवार और कोडरमा को जोड़ा गया है। भाजपा जिला कोषाध्यक्ष एवं ईस्टर्न रेलवे के ZRUCC सदस्य मुकेश कुमार जालान ने इस प्रस्ताव को केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी को प्रेषित किया।

क्षेत्रीय विकास और जनसुविधा को ध्यान में रखते हुए मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने इस प्रस्ताव को अत्यंत सकारात्मक रूप से स्वीकार कर रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को अग्रसारित किया है, ताकि इस पर आवश्यक कार्रवाई की जा सके। मुकेश जालान ने इस विषय को ईस्टर्न रेलवे की ZRUCC बैठक में भी औपचारिक रूप से उठाया, जिससे यह प्रस्ताव रेलवे बोर्ड स्तर पर प्राथमिकता से विचारार्थ लिया जा सके।
प्रस्तावित मार्ग लागू होने पर गिरिडीह, मधुपुर, धनवार एवं कोडरमा क्षेत्र को कोलकाता, गया और अन्य प्रमुख नगरों से तीव्र, सुरक्षित एवं सुगम रेल संपर्कता मिलेगी। इस रूट से न केवल औद्योगिक विकास और व्यापारिक गतिविधियों को गति मिलेगी, बल्कि धार्मिक पर्यटन स्थल बोधगया सहित क्षेत्र की सामाजिक-आर्थिक प्रगति को नई दिशा प्राप्त होगी।
क्षेत्रवासियों की भावनाओं को सम्मान देते हुए मुकेश कुमार जालान ने केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी को धन्यवाद किया है और विश्वास जताया है कि रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव शीघ्र ही इस प्रस्ताव पर सकारात्मक निर्णय लेंगे।




