वेतन और बोनस की मांग को लेकर सफाई कर्मियों ने नगर निगम कार्यालय के मुख्य गेट पर जड़ा ताला, कहा- जब तक वेतन नहीं मिलेगा तब तक काम बंद रहेगा
गिरिडीह दुर्गा पूजा के चार दिन बीत जाने के बाद भी नगर निगम के सफाई कर्मचारियों को वेतन नहीं मिलने से नाराजगी शुक्रवार को चरम पर पहुँच गई।

वेतन और बोनस की मांग को लेकर सफाई कर्मियों ने नगर निगम कार्यालय के मुख्य गेट पर जड़ा ताला, कहा- जब तक वेतन नहीं मिलेगा तब तक काम बंद रहेगा
गिरिडीह, मनोज कुमार।
गिरिडीह : दुर्गा पूजा के चार दिन बीत जाने के बाद भी नगर निगम के सफाई कर्मचारियों को वेतन नहीं मिलने से नाराजगी शुक्रवार को चरम पर पहुँच गई। आक्रोशित सफाई कर्मी बड़ी संख्या में नगर निगम कार्यालय पहुँचे और जोरदार प्रदर्शन किया। गुस्साए कर्मचारियों ने निगम कार्यालय के मुख्य गेट पर ताला जड़कर कार्य बहिष्कार की घोषणा कर दी।
कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि अगर तुरंत वेतन और बोनस का भुगतान नहीं किया गया तो वे अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जाएंगे। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि जब दुर्गा पूजा जैसे बड़े पर्व पर हर घर में खुशियां होनी चाहिए, तब उनके परिवार आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं। वेतन न मिलने से बच्चों की पढ़ाई, घर का खर्च और त्योहार की तैयारी सब प्रभावित हो रहा है।

प्रदर्शन के दौरान गुस्साए कर्मियों ने नगर निगम प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। उन्होंने कहा कि 20 वर्षो से वे सभी सफाईकर्मी अपनी सेवा दे रहे हैं पर उन्हें पर्व के समय ना तो समय से वेतन मिलता है ना ही कभी बोनस दिया जाता है, उनका आरोप है कि सरकार की ओर से स्पष्ट निर्देश के बावजूद निगम प्रबंधन लापरवाह रवैया अपना रहा है।
सफाई कर्मियों का कहना है कि वे दिन-रात शहर को स्वच्छ रखने में लगे रहते हैं और त्योहारों में भी अपने परिवार से दूर रहकर काम करते हैं, लेकिन जब वेतन की बारी आती है तो हमेशा उपेक्षित कर दिए जाते हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर समय रहते उनकी मांग पूरी नहीं की गई तो आने वाले दिनों में पूरा शहर गंदगी के ढेर में तब्दील हो जाएगा और इसकी जिम्मेदारी नगर निगम प्रशासन की होगी। नगर निगम की इस लापरवाही से अब शहर की सफाई व्यवस्था पूरी तरह राम भरोसे हो गई है।



