रेलवे निर्माण कार्य में बाल श्रमिक की मिली तैनाती, प्रशासन की खुली पोल
धनबाद-कोडरमा रेलखंड के बीच चौबे रेलवे स्टेशन पर चल रहे ट्रैक निर्माण कार्य में संवेदक की ओर से भारी लापरवाही सामने आई है।

रेलवे निर्माण कार्य में बाल श्रमिक की मिली तैनाती, प्रशासन की खुली पोल
संवाददाता – मुन्ना यादव
चलकुशा : धनबाद-कोडरमा रेलखंड के बीच चौबे रेलवे स्टेशन पर चल रहे ट्रैक निर्माण कार्य में संवेदक की ओर से भारी लापरवाही सामने आई है। निर्माण कार्य में खुलेआम बाल मजदूरी कराई जा रही थी।
रविवार को राष्ट्रीय मानवाधिकार एसोसिएशन के चलकुशा प्रखंड अध्यक्ष विक्रम सिंह अचानक रेलवे स्टेशन पहुंचे। निरीक्षण के दौरान उन्होंने देखा कि एक नाबालिग बालक रेलवे ट्रैक पर काम कर रहा था।

पूछताछ और आधार कार्ड की जांच में बच्चे की उम्र मात्र 14 वर्ष पाई गई। उसकी पहचान नाशीर उद्दीन, पिता नाजीर हुसैन, ग्राम दाटीइन, पोस्ट सुल्तान नगर, थाना हरिशचंद्रपुर जिला जिला मालदा (पश्चिम बंगाल) निवासी के रूप में हुई।
सूचना मिलते ही चलकुशा थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तत्काल सभी श्रमिकों के आधार कार्ड की जांच की।

ए एस आई स्टीफन हेमरम के द्वारा संवेदक एवं मुंशी से दुरभाष पर संपर्क कर थाना पर आने को कहा गया लेकिन संवेदक एवं मुंशी दोनों फरार हो गए।इस घटना से यह स्पष्ट हुआ कि रेलवे कार्य में संवेदक द्वारा नियमों को ताक पर रखकर नाबालिगों से काम कराया जा रहा है, जो श्रम कानून और बाल अधिकार अधिनियम का गंभीर उल्लंघन है।




