Breaking Newsदेशराजनीति

बीजेपी-कांग्रेस को वोट देना व्यर्थ -केजरीवाल बोले

चंडीगढ़ को पंजाब को सौंपने की फैल रही अफवाह,

चंडीगढ़। आम आदमी पार्टी के प्रमुख व दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि पिछले कुछ महीने से एक अफवाह तेजी से फैल रही है कि केंद्र सरकार जल्द ही चंडीगढ़ को पंजाब को सौंपने की सोच रही है। केजरीवाल ने कहा कि अगर यह सच है तो कुछ महीने बाद पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार बनने वाली है और चंडीगढ़ पंजाब का हिस्सा होगा, तो फिर बीजेपी और कांग्रेस को वोट देना व्यर्थ होगा। बता दें, चंडीगढ़ केंद्रशासित प्रदेश है। साथ ही यह पंजाब व हरियाणा दोनों प्रदेशों की राजधानी भी है। दोनों प्रदेश इस पर दावा करते रहे हैं। अब केजरीवाल के इस नए बयान से हरियाणा में राजनीति गरमा सकती है।

चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव में प्रचार के लिए पहुंचे केजरीवाल ने कहा कि 1996 में चंडीगढ़ नगर निगम बनने के बाद आपने 13 साल कांग्रेस को और 12 साल बीजेपी को शासन का मौका दिया, लेकिन दोनों ने मिलकर चंडीगढ़ का बेड़ा गर्क कर दिया। एक मौका 5 साल के लिए आम आदमी पार्टी को दें। हम आपको विकास करके दिखाएंगे।

कांग्रेस और बीजेपी पर निशाना साधते हुए केजरीवाल ने कहा किसी समय में चंडीगढ़ एशिया का सबसे सुंदर शहर हुआ करता था, लेकिन दोनों पार्टियों ने शहर को गंदा कर दिया। आज स्वच्छता के मामले में चंडीगढ़ 66वें स्थान पर पहुंच गया है। भाजपा पर हमला करते हुए केजरीवाल ने कहा, “भाजपा कहती है कि विकास के लिए डबल इंजन सरकार होना जरूरी है। मैं भाजपा नेताओं से पूछना चाहता हूं कि चंडीगढ़ की सांसद बीजेपी की हैं। मेयर बीजेपी का है। गवर्नर बीजेपी का है और केंद्र सरकार भी बीजेपी की है फिर भी आज तक उन्होंने क्यों कुछ नहीं किया।

केजरीवाल ने चंडीगढ़ वासियों को शहर के विकास और सुविधाओं से संबंधित पांच वादे किए। पहला,भ्रष्टाचार को जड़ से खत्म करेंगे। नगर निगम के जो पैसे पहले भाजपा और कांग्रेस के नेता खा जाते थे वे अब लोगों के विकास पर खर्च होंगे। आप का शासन आने पर दिल्ली की तरह चंडीगढ़ के लोगों को भी अपना काम करवाने नगर निगम कार्यालय जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। नगर निगम के कर्मचारी खुद चलकर लोगों के घर आएंगे और उनके सभी काम (राशन कार्ड बनवाना हो या बिजली-पानी का कनेक्शन लेना हो आदि) करेंगे। दूसरा, डड्डू माजरा में जो कूड़े के पहाड़ हैं, उसे खत्म करेंगे। चंडीगढ़ में कहीं भी कूड़ा-कचरा नहीं मिलेगा। तीसरा, दिल्ली की तरह चंडीगढ़ में भी पानी फ्री में मिलेगा। चौथा, सड़के बनाना, शहर की साफ सफाई करना एवं रख-रखाव से संबंधित सभी अब नगर निगम किया करेगी। पांचवां, महिलाओं की सुरक्षा के लिए दिल्ली की तरह चंडीगढ़ शहर में भी जगह-जगह सीसीटीवी कैमरेऔर स्ट्रीट लाइट लगाए जाएंगे।

सभा को संबोधित करते हुए आप के पंजाब अध्यक्ष और सांसद भगवंत मान ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का असली नाम भारतीय जुमला पार्टी है। भाजपा के नेता सिर्फ जुमलेबाजी करते हैं। उन्होंने कहा,”झाड़ू का बटन आपकी किस्मत का बटन है। आपके बच्चों के भविष्य का बटन है। इसलिए 24 को वोट देने जब आप घर से निकले तो यह सोच कर निकले कि आज बदलाव का दिन है। 24 दिसंबर 2021 का दिन चंडीगढ़ के इतिहास में बदलाव के रूप में दर्ज होगा।”

सह प्रभारी प्रदीप छाबड़ा ने अपने संबोधन में कहा कि चंडीगढ़ की जनता भाजपा और कांग्रेस की राजनीति से तंग आ चुकी है। कभी स्वच्छता के मामले में नंबर एक शहर रहा चंडीगढ़ शहर इस साल के स्वच्छ सर्वेक्षण में पिछड़ कर 66वें नंबर पर आ गया है। पिछले 6 साल में कोई भी ऐसा टैक्स नहीं जो शहर के लोगों पर नहीं लगाया गया हो। नगर निगम ने संपत्ति कर और पार्किंग शुल्क बढ़ाने के बाद अब पानी के बिलों की दरों में बढ़ोतरी कर शहर वासियों की जेब पर डाका डालने का काम किया है।

Related Articles

Back to top button