बिरसा मुंडा के बलिदान और संघर्ष को किया नमन, सरस्वती शिशु विद्या मंदिर में गूंजा जनजातीय गौरव का संदेश
सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, बरगंडा में शनिवार को जनजातीय गौरव दिवस हर्षोल्लास और श्रद्धा के साथ मनाया गया। कार्यक्रम के दौरान धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा के संघर्ष, बलिदान और देश की आजादी में उनके अतुलनीय योगदान को याद किया गया।

बिरसा मुंडा के बलिदान और संघर्ष को किया नमन, सरस्वती शिशु विद्या मंदिर में गूंजा जनजातीय गौरव का संदेश
गिरिडीह : मनोज कुमार।
गिरिडीह : सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, बरगंडा में शनिवार को जनजातीय गौरव दिवस हर्षोल्लास और श्रद्धा के साथ मनाया गया। कार्यक्रम के दौरान धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा के संघर्ष, बलिदान और देश की आजादी में उनके अतुलनीय योगदान को याद किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं मां सरस्वती की वंदना के साथ हुआ।

इसके बाद प्रभारी प्रधानाचार्य अजित मिश्र एवं वरिष्ठ आचार्या सरिता कुमारी ने भगवान बिरसा मुंडा के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पार्चन कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर संगीत आचार्य मनीष पाठक के निर्देशन में विद्यालय की छात्राओं ने झारखंडी संस्कृति पर आधारित मनमोहक सामूहिक गीत प्रस्तुत किया।

वहीं खुशी कुमारी एवं काजल कुमारी ने हिंदी में तथा काव्या ने अंग्रेजी में भाषण देकर भगवान बिरसा मुंडा के जीवन, संघर्ष और राष्ट्र के प्रति उनके योगदान को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। अपने संबोधन में प्रभारी प्रधानाचार्य अजित मिश्र ने कहा कि देश की स्वतंत्रता के इतिहास में धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा का योगदान सदैव अविस्मरणीय रहेगा।

उन्होंने जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ उलगुलान का बिगुल फूंका था। उनका जीवन त्याग, साहस, संघर्ष और देशभक्ति की अनुपम मिसाल है। उनके आदर्शों से हमें हमेशा प्रेरणा लेनी चाहिए।
कार्यक्रम में विद्यालय के सभी आचार्य, दीदी एवं कक्षा षष्ठ से दशम तक की छात्राओं की उपस्थिति रही। पूरे आयोजन के दौरान जनजातीय संस्कृति, परंपरा और भगवान बिरसा मुंडा के गौरवशाली इतिहास की झलक देखने को मिली।


