पुलिस अधीक्षक डॉ विमल कुमार की अध्यक्षता में मासिक अपराध गोष्ठी, लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन के निर्देश
पुलिस अधीक्षक कार्यालय, गिरिडीह में पुलिस अधीक्षक डॉ विमल कुमार की अध्यक्षता में मासिक अपराध गोष्ठी का आयोजन किया गया।

पुलिस अधीक्षक डॉ विमल कुमार की अध्यक्षता में मासिक अपराध गोष्ठी, लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन के निर्देश
गिरिडीह। मनोज कुमार।
गिरिडीह : पुलिस अधीक्षक कार्यालय, गिरिडीह में पुलिस अधीक्षक डॉ विमल कुमार की अध्यक्षता में मासिक अपराध गोष्ठी का आयोजन किया गया। बैठक में सभी पुलिस उपाधीक्षक, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, थाना/ओपी/शाखा प्रभारी उपस्थित रहे।

गोष्ठी के दौरान विगत माह में प्रतिवेदित कांडों की समीक्षा की गई तथा उनके त्वरित निष्पादन हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। इसके साथ ही पिछले तीन माह में घटित गंभीर श्रेणी के आपराधिक मामलों की भी विस्तृत समीक्षा की गई। महिला से संबंधित अपराधों के मामलों में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।

विगत माह में जेल से छूटे अपराधियों, आर्म्स एक्ट एवं संपत्तिमूलक कांडों में शामिल अपराधियों के सत्यापन कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। आदतन अपराधियों के विरुद्ध सीआरपीसी की धाराओं के तहत कार्रवाई हेतु प्रस्ताव समर्पित करने को कहा गया। लंबित वारंट एवं कुर्की के शीघ्र निष्पादन तथा पासपोर्ट व चरित्र सत्यापन से जुड़े लंबित मामलों के निपटारे पर भी विशेष जोर दिया गया।

इसके अतिरिक्त नियमित रूप से एंटी क्राइम चेकिंग एवं गश्ती को और सुदृढ़ करने का निर्देश दिया गया। आगामी दिनों में सरस्वती पूजा के अवसर पर सभी थाना एवं ओपी क्षेत्रों में शांति समिति की बैठक आयोजित कर विधि-व्यवस्था संधारण हेतु सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण करने को कहा गया।
गोष्ठी के अंत में विगत माह में महत्वपूर्ण कांडों के उद्भेदन एवं उत्कृष्ट कार्य के लिए चयनित पुलिस पदाधिकारियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित भी किया गया।




