पत्रकार अभिषेक भारती की गिरफ्तारी के मामले में उच्चस्तरीय जांच की मांग, हजारीबाग प्रेस क्लब ने मुख्यमंत्री के नाम भेजा ज्ञापन
रांची के पत्रकार अभिषेक भारती की गिरफ्तारी एवं उनके विरुद्ध हुई पुलिसिया कार्रवाई के मामले में हजारीबाग प्रेस क्लब ने झारखंड सरकार से उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।

पत्रकार अभिषेक भारती की गिरफ्तारी के मामले में उच्चस्तरीय जांच की मांग, हजारीबाग प्रेस क्लब ने मुख्यमंत्री के नाम भेजा ज्ञापन
हजारीबाग : रांची के पत्रकार अभिषेक भारती की गिरफ्तारी एवं उनके विरुद्ध हुई पुलिसिया कार्रवाई के मामले में हजारीबाग प्रेस क्लब ने झारखंड सरकार से उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। इस संबंध में प्रेस क्लब की ओर से मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नाम उपायुक्त हजारीबाग के माध्यम से ज्ञापन भेजा गया है। ज्ञापन में पत्रकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और उन्हें निर्भीक होकर जनहित के मुद्दे उठाने के लिए स्वतंत्र वातावरण उपलब्ध कराने की मांग की गई है।

ज्ञापन में कहा गया है कि पत्रकार अभिषेक भारती द्वारा एक मामले को उजागर किए जाने के बाद उनकी गिरफ्तारी की घटना ने राज्य के पत्रकारिता जगत में गंभीर चिंता पैदा कर दी है। इस घटना के बाद राज्य के विभिन्न हिस्सों के पत्रकार और मीडिया कर्मी पुलिसिया कार्रवाई के तरीके पर सवाल उठा रहे हैं। हजारीबाग प्रेस क्लब ने कहा है कि लोकतंत्र में पत्रकारिता केवल समाचार संकलन और प्रसारण का माध्यम नहीं, बल्कि शासन-प्रशासन की जवाबदेही सुनिश्चित करने और जनहित के मुद्दों को सामने लाने का महत्वपूर्ण स्तंभ है।
ऐसे में पत्रकारों के विरुद्ध त्वरित कार्रवाई और निष्पक्ष जांच के बिना गिरफ्तारी जैसी घटनाएं स्वतंत्र एवं निर्भीक पत्रकारिता के लिए चिंता का विषय हैं। हजारीबाग प्रेस क्लब ने स्पष्ट किया कि जनहित के मुद्दों को उजागर करने के कारण किसी भी पत्रकार को दबाव, प्रतिशोध अथवा उत्पीड़न का सामना नहीं करना पड़े। किसी पत्रकार के विरुद्ध शिकायत मिलने पर उसकी स्वतंत्र एवं निष्पक्ष जांच होनी चाहिए तथा कानूनसम्मत प्रक्रिया का पालन किया जाना चाहिए।
मुख्यमंत्री से मांग की गई है कि पत्रकार अभिषेक भारती की गिरफ्तारी एवं पूरे प्रकरण की उच्चस्तरीय निष्पक्ष जांच कराई जाए। साथ ही, जांच पूरी होने तक उन्हें उचित राहत प्रदान करने की दिशा में आवश्यक पहल की जाए। इसके अलावा राज्य में पत्रकारों को सुरक्षित एवं स्वतंत्र वातावरण उपलब्ध कराने तथा उन्हें डराने-धमकाने और प्रताड़ित करने की घटनाओं पर गंभीरता से संज्ञान लेने की मांग की गई है।
ज्ञापन सौंपने वालों में हजारीबाग प्रेस क्लब के मुख्य ट्रस्टी कृष्णा गुप्ता, सचिव दीपक सिंह, कोषाध्यक्ष सागर कुमार, ट्रस्टी अर्जुन सोनी, वरिष्ठ पत्रकार अभय सिन्हा, प्रहलाद सिंह, रजत कुमार, भावेश मिश्रा, रवि शर्मा और अविरल लाल समेत कई अन्य पत्रकार शामिल थे।




