दिवंगत मंत्री सुदिव्य सोनू की मौत पर सनसनीखेज आरोप चिकित्सक की लापरवाही को बताया हत्या
दिवंगत मंत्री सुदिव्य सोनू की मौत को लेकर झारखंड सुशासन पार्टी के अध्यक्ष डॉ. संजीव सिन्हा ने एक सनसनीखेज खुलासा करते हुए सरकारी चिकित्सक डॉ. रवि महर्षि पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है।

दिवंगत मंत्री सुदिव्य सोनू की मौत पर सनसनीखेज आरोप चिकित्सक की लापरवाही को बताया हत्या
झारखंड सुशासन पार्टी के अध्यक्ष डॉ. संजीव सिन्हा ने कॉल रिकॉर्डिंग जारी कर किया बड़ा दावा
मुख्यमंत्री से सीबीआई जांच और स्वास्थ्य मंत्री से चिकित्सक पर कार्रवाई की मांग
गिरिडीह : मनोज कुमार।
गिरिडीह : दिवंगत मंत्री सुदिव्य सोनू की मौत को लेकर झारखंड सुशासन पार्टी के अध्यक्ष डॉ. संजीव सिन्हा ने एक सनसनीखेज खुलासा करते हुए सरकारी चिकित्सक डॉ. रवि महर्षि पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। डॉ. सिन्हा ने दावा किया कि चिकित्सक की लापरवाही के कारण ही मंत्री की जान गई।

अपने आरोपों के समर्थन में उन्होंने मीडिया के समक्ष एक कथित कॉल रिकॉर्डिंग भी प्रस्तुत की, जिसमें चिकित्सक के साथ हुई बातचीत का हवाला देते हुए कई गंभीर सवाल उठाए गए। डॉ. संजीव सिन्हा ने यह खुलासा कर्बला रोड स्थित गुरुकुल स्टेडी के समीप आयोजित जनस्वास्थ्य सुधार महापंचायत में किया। उन्होंने बताया कि कथित कॉल रिकॉर्डिंग में डॉ. रवि महर्षि ने स्वीकार किया है कि जिस रात मंत्री सुदिव्य सोनू की मौत हुई, उस रात उनके मोबाइल पर करीब 80 कॉल आए थे,

लेकिन उन्होंने एक भी कॉल रिसीव नहीं किया था। डॉ. सिन्हा के अनुसार, इसके बाद नगर थाना की पुलिस चिकित्सक के आवास पहुंची और दरवाजा तोड़कर उन्हें बाहर निकाला। फिर पुलिस उन्हें मर्सी हॉस्पिटल लेकर गई। उन्होंने दावा किया कि रिकॉर्डिंग में चिकित्सक की ओर से यह भी कहा गया है कि अस्पताल पहुंचने तक मंत्री की लगभग मौत हो चुकी थी। इस पूरे घटनाक्रम को आधार बनाते हुए डॉ. सिन्हा ने चिकित्सकीय व्यवस्था और जिम्मेदार अधिकारियों की भूमिका पर सवाल खड़े किए।

उन्होंने आरोप लगाया कि इतनी गंभीर घटना के बावजूद संबंधित चिकित्सक के खिलाफ अब तक कोई कार्रवाई नहीं होना व्यवस्था पर सवालिया निशान खड़ा करता है। उन्होंने मंत्री की मौत को सामान्य घटना मानने से इनकार करते हुए इसे हत्या करार दिया और कहा कि मामले से जुड़े तथ्यों को दबाने की कोशिश की जा रही है। डॉ. सिन्हा ने पोस्टमार्टम नहीं कराए जाने पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि मंत्री की मौत के बाद पोस्टमार्टम तक नहीं कराया गया और अगले ही दिन दाह संस्कार कर अस्थि विसर्जन की प्रक्रिया पूरी कर दी गई।

उन्होंने इस बात पर भी हैरानी जताई कि इतने गंभीर मामले में दिवंगत मंत्री के परिजन से लेकर जिला और प्रदेश स्तर के झामुमो नेता तक चुप्पी साधे हुए हैं। अंत में डॉ. संजीव सिन्हा ने मुख्यमंत्री से पूरे मामले की निष्पक्ष सीबीआई जांच कराने की मांग की। वहीं, स्वास्थ्य मंत्री से कथित लापरवाही के आरोपी चिकित्सक डॉ. रवि महर्षि के खिलाफ विभागीय कार्रवाई करने की मांग की।
उन्होंने कहा कि दिवंगत मंत्री की मौत से जुड़े सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए, ताकि सच्चाई सामने आ सके और जिम्मेदार लोगों की जवाबदेही तय हो सके। मौक़े पर रोनी सिंह, संतोष प्रमाणिक, गणेश मंडल, प्रवीण यादव, मुकेश कुमार, धीरज सिन्हा, अमरजीत, गुड्डू, अजित सहाय समेत पार्टी क़े कई कार्यकर्त्ता जनस्वास्थ्य सुधार महापंचायत मौजूद थे




