घरेलू गैस आपूर्ति को लेकर डीसी ने की बैठक,कालाबाजारी पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी
जिले में घरेलू रसोई गैस की पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध,घबराकर अनावश्यक रूप से गैस बुकिंग करने की आवश्यकता नहीं:डीसी

घरेलू गैस आपूर्ति को लेकर डीसी ने की बैठक,कालाबाजारी पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी
जिले में घरेलू रसोई गैस की पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध,घबराकर अनावश्यक रूप से गैस बुकिंग करने की आवश्यकता नहीं:डीसी
मेदिनीनगर (पलामू) : जिले में घरेलू एलपीजी (रसोई गैस) सिलेंडर की उपलब्धता को लेकर सामने आयी शिकायतों और उपभोक्ताओं की परेशानियों के बीच सोमवार को जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त समीरा एस ने समाहरणालय सभागार में पलामू के विभिन्न गैस एजेंसियों के प्रतिनिधियों,प्रखंड आपुर्ति पदाधिकारियों संग रसोई गैस के निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित कराने को लेकर बैठक की।

सर्वप्रथम डीसी ने विभिन्न गैस एजेंसियों के प्रतिनिधियों से उनके यहां उपलब्ध सिलिंडर,आगामी दिनों में प्राप्त होने वाले गैस सिलिंडर की जानकरी ली।बैठक में कुछ गैस एजेंसियों द्वारा डीसी को बताया गया कि उनके पास पूर्व की तरह ही सिलिंडर की आपुर्ति की जा रही है लेकिन विगत कुछ दिनों से उपभोक्ताओं के द्वारा अचानक बड़ी संख्या में बुकिंग आने से समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।बैठक में डीसी ने गैस की सप्लाई करने में होस्टल,स्कूल,आंगनबाड़ी केंद्रों एवं हॉस्पिटल को प्राथमिकता देने पर बल दिया।
घरेलू गैस आवश्यक वस्तु अधिनियम के दायरे में,कालाबाज़ारी करने पर होगी सख्त कार्रवाई:उपायुक्त
बैठक में डीसी ने सभी गैस एजेंसियों के प्रतिनिधियों से कहा कि घरेलू गैस आवश्यक वस्तु अधिनियम के दायरे में आती है, ऐसे में इसकी कालाबाजारी करने पर अधिनियम के तहत सख्त करवाई की जायेगी। उन्होंने कहा कि गैस सिलेंडरों में टैम्परिंग करने की शिकायत पर भी कार्रवाई की जायेगी।उन्होंने गैस सिलेंडरों में टैम्परिंग तथा घरेलू सिलेंडर से गैस निकालकर व्यावसायिक सिलेंडरों में भरने की शिकायतों को गंभीर बताते हुए ऐसे मामलों पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी।
एजेंसी अपने निर्धारित क्षेत्र में ही कार्य करें,अनावश्यक एजेंसी को बंद रखने पर भी होगी कार्रवाई:उपायुक्त
बैठक में उपायुक्त ने सभी गैस एजेंसियों के प्रतिनिधियों से अपने निर्धारित क्षेत्रों में ही गैस की आपूर्ति करने पर बल दिया।उन्होंने कहा कि अपने निर्धारित क्षेत्र से बाहर कार्य करने पर भी कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावे उन्होंने कहा कि सिर्फ निर्धारित दिन को ही एजेंसी बंद रखा जाये। उन्होंने एजेंसी के बाहर सार्वजनिक रूप से एजेंसी का संपर्क नंबर प्रदर्शित करने पर बल दिया।
कई एजेंसियों के प्रतिनिधियों ने डीसी को गैस वितरण के समय लगने वाले अनावश्यक भीड़ को रेखांकित करते हुई,निराकरण की बात कही।इसपर डीसी ने कहा कि एक क्यूआरटी का गठन किया जा रहा है जिसमें एमओ,एजेंसी के प्रतिनिधि व पुलिस के जवान रहेंगें।उन्होंने समस्या उत्पन्न होने की स्थिति में स्थानीय थाना प्रभारी, एमओ व बीडीओ से संपर्क करने की बात कही।
जिले में घरेलू रसोई गैस की पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध,घबराकर अनावश्यक रूप से गैस बुकिंग करने की आवश्यकता नहीं:डीसी
जिले की उपायुक्त समीरा एस ने पलामू वासियों से कहा है कि पूर्व की भांति विभिन्न गैस कंपनियों द्वारा जिले को रसोई गैस की खेप उपलब्ध कराई जा रही है। ऐसे में आप सभी से अपील है कि घबराकर अनावश्यक रूप से गैस की बुकिंग करने से बचें। उन्होंने कहा कि शहर के लिए निर्धारित 25 एवं ग्रामीण क्षेत्रों के लिए 45 दिनों के बाद ही बुकिंग करें।
उन्होंने कहा कि सभी उपभोक्ताओं को ससमय रसोई गैस की आपूर्ति कर दी जाएगी। उन्होंने पलामूवासियों से अपील की है कि वे गैस कंपनियों और प्रशासन के निर्देशों का पालन करें,ताकि पलामू में रसोई गैस की उपलब्धता सुचारू रूप से बनी रहे।
इस अवसर पर उप विकास आयुक्त जावेद हुसैन,अपर समाहर्ता कुंदन कुमार,विभिन्न एमओ व गैस एजेंसी के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।वहीं वर्चुअल मोड से आईओसीएल, बीपीसीएल और एचपीसीएल के मार्केटिंग ऑफिसर एवं एरिया ऑफीसर भी जुड़े रहे।



