खंडोली डैम के पास साइबर ठगी का खेल! फर्जी मोबाइल नंबर से APK भेजकर लोगों के खाते कर रहे थे खाली, दो शातिर साइबर अपराधी गिरफ्तार
गिरिडीह में साइबर अपराध के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। बैंगाबाद थाना क्षेत्र के खंडोली डैम के पास बैठकर साइबर ठगी की वारदात को अंजाम देने की फिराक में जुटे दो युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।

खंडोली डैम के पास साइबर ठगी का खेल! फर्जी मोबाइल नंबर से APK भेजकर लोगों के खाते कर रहे थे खाली, दो शातिर साइबर अपराधी गिरफ्तार
गिरिडीह : मनोज कुमार।
गिरिडीह : गिरिडीह में साइबर अपराध के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। बैंगाबाद थाना क्षेत्र के खंडोली डैम के पास बैठकर साइबर ठगी की वारदात को अंजाम देने की फिराक में जुटे दो युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी फर्जी मोबाइल नंबर का इस्तेमाल कर लोगों को APK फाइल भेजते थे और फिर उनके मोबाइल फोन को हैक कर बैंक खातों से पैसे निकालकर ऑनलाइन शॉपिंग करते थे।

शनिवार को पपरवाटांड स्थित पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान पुलिस अधीक्षक डॉ. विमल कुमार ने मामले की जानकारी दी। एसपी ने बताया कि 28 नवंबर 2026 को गुप्त सूचना मिली थी कि बैंगाबाद थाना क्षेत्र के खंडोली डैम के पास डैम की ओर जाने वाले रास्ते पर दो युवक बैठकर साइबर अपराध को अंजाम देने के लिए फोन कर रहे थे सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर साइबर थाना प्रभारी पु०नि० रामेश्वर भगत के नेतृत्व में छापेमारी टीम का गठन किया गया।
पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए खंडोली डैम के पास छापेमारी की और दोनों युवकों को मौके से गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बैंगाबाद थाना क्षेत्र के साठीबाद निवासी नकुल मंडल के पुत्र सोनू मंडल (करीब 21 वर्ष) और सौरभ कुमार मंडल (करीब 19 वर्ष) के रूप में हुई है।
पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे फर्जी मोबाइल नंबर का इस्तेमाल कर भोले-भाले लोगों को फोन करते थे। इसके बाद उनके मोबाइल पर APK फाइल भेजकर उन्हें झांसे में लेते थे। APK फाइल के जरिए मोबाइल फोन तक पहुंच बनाकर उनके बैंक खातों से पैसे निकाल लेते थे और उन पैसों से ऑनलाइन शॉपिंग करते थे।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के पास से चार मोबाइल फोन और पांच सिम कार्ड बरामद किए हैं। इस मामले में साइबर थाना कांड संख्या 33/2026, दिनांक 28.11.2026 दर्ज किया गया है।
छापेमारी टीम में शामिल पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मी
पु०नि० रामेश्वर भगत, थाना प्रभारी, साइबर थाना।
पु०अ०नि० गुंजन कुमार, साइबर थाना, गिरिडीह।
पु०अ०नि० मुकेश कुमार पंडित, साइबर थाना, गिरिडीह।
स०अ०नि० गजेंद्र कुमार मौजूद थे।
पुलिस की इस कार्रवाई से साइबर अपराधियों में हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि अनजान नंबर से आने वाले फोन कॉल, संदिग्ध लिंक और APK फाइल से सावधान रहें तथा किसी भी अनजान व्यक्ति के कहने पर अपने मोबाइल में कोई फाइल इंस्टॉल न करें।




