पाली खेल एवं मेला महोत्सव 2026: नोएडा ने चंडीगढ़ को 60 रनों से हराया, प्रियांश भारद्वाज की शतकीय पारी से बना दबदबा
पाली खेल एवं मेला महोत्सव 2026 के अंतर्गत आयोजित क्रिकेट प्रतियोगिता के बारहवें दिन खेले गए मुकाबले में नोएडा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चंडीगढ़ को 60 रनों से पराजित कर एकतरफा जीत दर्ज की।

पाली खेल एवं मेला महोत्सव 2026: नोएडा ने चंडीगढ़ को 60 रनों से हराया, प्रियांश भारद्वाज की शतकीय पारी से बना दबदबा
पाली : पाली खेल एवं मेला महोत्सव 2026 के अंतर्गत आयोजित क्रिकेट प्रतियोगिता के बारहवें दिन खेले गए मुकाबले में नोएडा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चंडीगढ़ को 60 रनों से पराजित कर एकतरफा जीत दर्ज की। इस मुकाबले में नोएडा के कप्तान प्रियांश भारद्वाज ने विस्फोटक बल्लेबाजी करते हुए शतक जड़ा और उन्हें उनके बेहतरीन प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

मैच का शुभारंभ कार्यक्रम अध्यक्ष मनीष कुमार तिवारी द्वारा टॉस कराकर किया गया। टॉस नोएडा के कप्तान ने जीता और पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया।
नोएडा की ताबड़तोड़ बल्लेबाजी, 216 रनों का विशाल स्कोर
पहले बल्लेबाजी करते हुए नोएडा की टीम ने निर्धारित 20 ओवरों में 8 विकेट के नुकसान पर 216 रन बनाए। यह स्कोर पाली खेल ग्राउंड पर टूर्नामेंट के अब तक के सबसे बड़े स्कोरों में शामिल हो गया।

नोएडा की ओर से कप्तान प्रियांश भारद्वाज ने तूफानी अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए मात्र 46 गेंदों पर 102 रन की शतकीय पारी खेली। उनकी पारी में 9 चौके और 9 छक्के शामिल रहे। उन्होंने शुरुआत से ही आक्रामक बल्लेबाजी कर चंडीगढ़ के गेंदबाजों पर दबाव बना दिया।
वहीं, हर्ष चावड़ा ने भी शानदार सहयोग देते हुए 35 गेंदों पर 66 रन बनाए। इस दौरान उन्होंने आशूतोष के एक ओवर में लगातार छह गेंदों पर छह छक्के लगाकर दर्शकों को रोमांचित कर दिया और प्रतियोगिता में नया रिकॉर्ड दर्ज कराया।
चंडीगढ़ की ओर से गेंदबाजी में ऋषभ आर्य सबसे सफल रहे, जिन्होंने 4 विकेट हासिल किए। जबकि आशूतोष को 2 विकेट मिले।

नोएडा ने इस प्रदर्शन के दम पर चंडीगढ़ के सामने 217 रनों का विशाल लक्ष्य रखा।
लक्ष्य का पीछा करते हुए चंडीगढ़ लड़खड़ाई, 156 पर सिमटी 217 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी चंडीगढ़ की टीम शुरुआत से ही दबाव में नजर आई। लगातार विकेट गिरने के कारण चंडीगढ़ निर्धारित 20 ओवरों में 9 विकेट खोकर केवल 156 रन ही बना सकी।
चंडीगढ़ की ओर से आकाश रावत ने शानदार संघर्ष करते हुए 33 गेंदों में 65 रन बनाए। उनकी पारी में 7 चौके और 5 छक्के शामिल रहे। इसके अलावा पिंकू ने 17 रन बनाए, जबकि प्रतीक और विवेक ने 10-10 रनों का योगदान दिया।

नोएडा की ओर से गेंदबाजी में आर्यन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 4 विकेट झटके। वहीं विवेक शर्मा और आयुष ने 2-2 विकेट लेकर चंडीगढ़ की रन गति पर लगाम लगाए रखी।
अंततः नोएडा ने चंडीगढ़ को 60 रनों से हराकर मुकाबले में बड़ी जीत दर्ज की।
प्रियांश भारद्वाज बने मैच के हीरो
मैच के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी के रूप में कप्तान प्रियांश भारद्वाज को चुना गया। उन्होंने 102 रन की धमाकेदार पारी खेलकर मैच को पूरी तरह नोएडा के पक्ष में कर दिया। पुरस्कार स्वरूप उन्हें ईनामी राशि एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।

मैच में अधिकारी एवं आयोजन व्यवस्था
मैच में अंपायर की भूमिका राजू परिहार और सुरेश सेन ने निभाई। स्कोरिंग का कार्य अरुण राजा और श्रीकांत विश्वकर्मा द्वारा किया गया। वहीं कमेंट्री प्रमोद प्रजापति, पुष्पेन्द्र सिंह ठाकुर और अनश खान ने की।
पाली खेल एवं मेला महोत्सव का लाइव प्रसारण बुन्देलखण्ड लाइव टीवी यूट्यूब चैनल पर किया जा रहा है।

कार्यक्रम में अतिथियों की उपस्थिति
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में हाकिम सिंह सडकरी, बब्लू पटेल, सुनील सेन, पुष्पेन्द्र गोस्वामी, केशमान सिंह, ध्रुव पुरोहित सहित कई गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। सभी अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम अध्यक्ष मनीष कुमार तिवारी ने सभी का आभार व्यक्त किया।
आज खेला जाएगा अगला मुकाबला
पाली खेल एवं मेला महोत्सव के अंतर्गत अगला मुकाबला आज परवई और आगरा की टीमों के बीच खेला जाएगा। यह मैच सुबह 11 बजे से पाली खेल ग्राउंड पर आयोजित होगा।



